वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर हादसा, बारात से लौट रही थी बस, पीछे से दूसरी बस भिड़ी
मऊ। गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण दो बसें आमने-सामने टकरा गईं। हादसा कोपागंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर शहरोज मोड़ के पास हुआ। टक्कर से दोनों बसों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। करीब 15 यात्री घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
एक निजी बस बेल्थरारोड से यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। दूसरी बस गाजीपुर जिले के ताजपुर देहमा से बारात लेकर गोरखपुर गई थी। बारात दरवेश कुरैशी के घर गई थी और बस वापस लौट रही थी। शहरोज मोड़ से डांडी की तरफ मुड़ते समय बारात वाली बस घने कोहरे के कारण मोड़ से आगे निकल गई। चालक ने बस पीछे कर दूसरी लेन से मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रही शिवगंगा बस उससे टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। कई यात्री बसों में फंसकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर कोपागंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। कोपागंज थाना प्रभारी ने बताया कि शिवगंगा बस बेल्थरारोड से लखनऊ जा रही थी। दूसरी बस गाजीपुर से बारात लेकर गोरखपुर गई थी और लौट रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।