Homeउत्तर प्रदेशMeerutबढ़ते प्रदूषण के कारण जहरीली हुई मेरठ की हवा

बढ़ते प्रदूषण के कारण जहरीली हुई मेरठ की हवा

-

328 पहुंचा एक्यूआई, चिकित्सकों ने दी स्कूलों में मास्क लगाने की सलाह


शारदा रिपोर्टर मेरठ। दिवाली के बाद शहर की आबोहवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह भी शहर में स्मॉग छाया रहा। स्कूलों में भी मास्क लगाने की सलाह दी गई है। बीते दिन में धूप निकलने के बावजूद आसमान साफ नहीं हुआ। दोपहर बाद धुंध की मोटी परत ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हवा की कम गति के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार शाम मेरठ का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 328 दर्ज किया गया। इस स्तर के साथ मेरठ देश का आठवां और उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। पल्लवपुरम में रात आठ बजे एक्यूआई 377 तक पहुंच गया। वहीं, गुरुवार सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक पल्लवपुरम और शताब्दीनगर में पीएम 2.5 का स्तर 450 से 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बीच रहा। पीएम 10 का स्तर भी इसी के आसपास दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक डॉ यूपी शाही के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर हवा की गति अचानक कम हो जाती है। इसी वजह से एनसीआर के बड़े हिस्से में दिन के समय भी स्मॉग छाया हुआ है। 13 नवंबर को हवा की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना है। मध्यम तीव्रता के पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।

गुरुवार को मेरठ का न्यूनतम तापमान बढ़कर 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों से न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 15 नवंबर तक कोहरे और प्रदूषण का असर बने रहने की आशंका जताई है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts