लगातार बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए डॉक्टर दे रहे मास्क लगाने की सलाह
मेरठ। दीपावली बीतने के बाद भी जनपद मेरठ में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा था। इस वजह से लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ दूसरी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।वहीं, दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई। हालात ऐसे हैं कि बिना धूम्रपान किए भी लोग सांस के साथ प्रदूषित हवा अपने शरीर के अंदर ले रहे है।इससे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, लाला लाजपतराय मेडिकल कॉलेज और प्यारे लाल जिला अस्पताल की बात करें तो यहां सांस से संबंधित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां रोजाना मरीजों की संख्या दो से ढ़ाई हजार तक रहती थी लेकिन अब वो ही बढ़कर लगभग दोगुनी हो गई है। वहीं, बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए चिकित्सक लोगों को बेवजह बाहर नहीं निकलने और मास्क लगाकर रहने की सलाह दे रहे हैं।
मेरठ की बात करें तो आज गुरूवार सुबह 8:30 बजे तक शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 202 दर्ज किया गया। वहीं, शहर के कई इलाकों में भी एक्यूआई का स्तर 200 के पार रहा। वहीं, बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन की ओर से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे है। दूसरी ओर, डॉक्टरों ने सांस के मरीजों के साथ आम लोगों को भी मास्क लगाने की सलाह दी है।मेरठ में सुबह 8:30 बजे तक जय भीम नगर में एक्यूआई, गढ़ रोड पर 203, गंगानगर में 202, पल्लवपुरम फेस-2 में 187 और एमआईटी कॉलेज के पास 223 दर्ज किया गया। वहीं, पूरे शहर का औसत एक्यूआई 202 रहा। इसके अलावा मुख्य प्रदूषक पीएम 2.5 का स्तर 126.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह स्तर स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता का विषय है। इस बारें में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के अनुसार, वायु प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए है। अधिकारियों को प्रदूषण से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। साथ ही एनसीआर में ग्रेप-1 और ग्रेप-2 लागू होने के बाद इनके नियमों का पालन भी कराया जा रहा है।इसके साथ ही निर्माण कार्यों को लेकर भी विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किए गए है। लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के टीबी एवं चेस्ट रोग विभाग के डॉक्टर अनिरुद्ध वर्मा के अनुसार, वायु प्रदूषण बढ़ने पर सांस के मरीजों के साथ आम लोगों को भी मास्क लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि, इस मौसम में हवा में मौजूद प्रदूषण के बारीक कण सांस लेते समय शरीर के अंदर पहुंच जाते है। इससे लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती है। ऐसे में सांस के मरीजों के साथ आम लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। अगर किसी को सांस लेने में परेशानी या किसी अन्य तरह की दिक्कत महसूस होती है, तो उसे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।