Homepolitics newsचंद्रशेखर और ओवैसी ने गठबंधन का किया ऐलान

चंद्रशेखर और ओवैसी ने गठबंधन का किया ऐलान

-

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले लड़ेंगे चुनाव


नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सांसद चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का एलान कर दिया है। गठबंधन का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। गठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद को बनाया गया है।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जो तस्वीर आपके सामने है उसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। अभी इसमें दो दल हैं। ये तीसरा मोर्चा नहीं, ये पहला मोर्चा है। ये बहुत मजबूत मोर्चा है। जैसे जैसे इसमें कमजोर, पीड़ित लोग जुड़ते जाएंगे वैसे वैसे ये मोर्चा मजबूत हो जाएगा। उन्होंने 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान में रैली करने की घोषणा की साथ ही कहा कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

लंबे समय से पार्टियों ने वादा किया कि वह बहुजन समाज के साथ हैं और उनके हक के लिए काम करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकारें बदली, मुख्यमंत्री बदलते गए। लेकिन बहुजन समाज के लिए कुछ नहीं किया गया। आज जो किसी तरह से पढ़ गया तो वो बेरोजगार है। जो आवाज उठाता है तो उसके खिलाफ केस दर्ज होते हैं, लाठियां चलाई जाती हैं। अब तो कानून बना दिया है जो आवाज उठायेगा उसे सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मेरा मानना है कि अब अपमान का घूंट नहीं पीना है। अब खुद ताकतवर बनेंगे, किसी के सामने हाथ नहीं फैलायएंगे। उन सभी की मदद करेंगे जो पीड़ित, शोषित और वंचित हैं। जो वर्तमान सरकार है इसमें ना कोई जिंदा सुरक्षित है न मरने के बाद। मुझे जेल भेजा गया। जमानत हुई तो एनएसए लगा दिया गया। हाथरस कांड हुआ। बेटी को रात में पेट्रोल डाल कर जला दिया गया। उनके परिवार से नौकरी का वादा किया, नहीं पूरा किया। इसी तरह प्रयागराज, गोरखपुर और कासगंज और संतकबितनगर में झोपड़ी जला दी गईं। काकोरी में पासी समाज के शख्स को पेशाब चटवाई गई। चंद्रशेखर ने कहा कि किसी को राष्ट्रभक्ति का सबूत देने की जरूरत नहीं हैं। हम देश से प्यार करते हैं लेकिन सरकार को जवाब देना होगा कि वह जवान और बॉर्डर की सुरक्षा क्यों नहीं कर पा रही है। अवैध मस्जिदों पर बुलडोजर की कार्रवाई पर चंद्रशेखर ने कहा एक-एक मस्जिद के लिए लड़ेंगे। जो भाजपा को रोकना चाहते हैं वो मेरे साथ शामिल हों, मिलकर लड़ेंगे।

चंद्रशेखर ने कहा कि इस सरकार में हो रहे एनकाउंटर फर्जी हैं। बुलडोजर से मस्जिदें गिराई जा रही हैं। इनकी सरकार में रोज मूर्तियां टूटती हैं। इन लोगों ने अगर संविधान और आरक्षण पर कुछ किया तो सरकार को दिन में तारें दिखा देंगे। कहा कि हमारा दिल बहुत बड़ा है। अगर सपा और बसपा समेत अन्य कोई दल मेरे साथ आना चाहता है तो आ सकता है। चंद्रशेखर ने कहा कि 26 को रमाबाई मैदान में सत्ता परिवर्तन रैली करेंगे। 403 सीटों पर लड़ेंगे। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर ने प्राथमिकता बता दी हैं। मैं यकीन से कहता हूँ भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए ये मजबूत विकल्प होगा। इन चुनाव में बीजेपी को रोकने के साथ ही बेरोजगारों, किसानों के मुद्दों पर हमारी लड़ाई होगी। मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद होंगे। प्रदेश में सामाजिक बदलाव लाना मकसद है। हम लोग भविष्य के लिए राजनीति करेंगे।

ओवैसी ने कहा कि आज जो गठबंधन बना है वो एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा कि वो 90 फीसदी वोट अल्पसंख्यक का हासिल कर रहे हैं फिर भी भाजपा को नहीं हरा पा रहे हैं। वो नहीं हरा पाएंगे। आज जो गठबंधन बना है। वो एक मजबूत विकल्प बनेगा। चंद्रशेखर का चेहरा सामने आया है। वो ये लोग कभी बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे कि ये बराबरी पर आकर कैसे खड़ा हो गया। उनको तकलीफ होगी, जो लाजिमी है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts