बच्चे को बचाने पीछे दौड़ती रही मां, सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना
बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र के रूपपुर गांव में तेंदुआ आबादी में घुस आया और कुत्ते के बच्चे को उठाकर ले गया। घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कुत्ते की मां अपने बच्चे को बचाने के लिए गुलदार के पीछे दौड़ती दिखाई दे रही है, लेकिन उसे बचा नहीं सकी। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
ग्रामीणों के मुताबिक, गुलदार पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के इलाकों में दिखाई दे रहा है। दो दिन पहले उसे गांव के मंदिर के पास भी देखा गया था। लगातार गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि वह किसी इंसान या बच्चे पर भी हमला कर सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। एक टीम को मौके पर भेजा गया है, जो गुलदार की लोकेशन पता करने के साथ स्थिति का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि गुलदार को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और पिंजरा भी लगाया जाएगा।