परिजनों ने लगाया पीटकर हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा
शामली। भैयादूज पर बहन के घर तिलक कराने आए मुजफ्फरनगर निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में बृहस्पतिवार को परिजनों ने हंगामा किया।
परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, रिश्तेदार और आसपास के लोग कस्बा बनत स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
मुजफ्फरनगर जिले के कमल नगर, कूकड़ा मंडी निवासी अंकुश मदनपाल बुधवार दोपहर बाइक से भैयादूज पर कस्बा बनत के मोहल्ला गांधी नगर में अपनी बहन मनीषा के घर तिलक कराने आया था। तिलक कराने के बाद वह अपनी बहन के देवर के साथ बाइक पर चला गया। शाम करीब साढ़े चार बजे बहन का देवर उसे गंभीर हालत में लेकर घर पहुंचा। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बहन मनीषा ने बताया कि रक्षाबंधन पर उसका पति से विवाद हुआ था, लेकिन बाद में वह ससुराल आ गई थी। भैयादूज पर उसका भाई अंकुश घर आया था। वह खाना बनाने के लिए रसोई में गई थी। वापस लौटी तो भाई वहां नहीं मिला। इसके बाद उसने अपने मायके फोन कर इसकी सूचना दी। परिवार के लोग पहुंचे तो अंकुश मृत अवस्था में मिला।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर पिता मदनपाल परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों के साथ शामली पहुंचे। उन्होंने आदर्श मंडी थाने में पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पिता ने बताया कि रक्षाबंधन पर भी बेटी के साथ विवाद हुआ था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग समझौता कराकर उसे वापस ले आए थे। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
उनका कहना था कि उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या की गई है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। अंकुश ग्रेजुएशन करने के बाद कंप्यूटर डिप्लोमा का कोर्स कर रहा था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था।
उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सीओ सदर जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कस्बे के श्मशान घाट का भी वीडियो वायरल हो रहा है बताया जा रहा है कि यहां ले जाकर उसकी पिटाई की गई है जहां पर फोन के डब्बे और डंडे पड़े हुए हैं
उक्त प्रकरण में मृतक के पिता ने अपनी पुत्री के ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए छह व्यक्तियों के विरुद्ध तहरीर दी है। इनमें मृतक की बहन का पति, देवर, सास-ससुर समेत अन्य लोग शामिल हैं। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना आदर्श मंडी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।