HomeCRIME NEWSढाबे पर हुई हत्या का आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

ढाबे पर हुई हत्या का आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

-

दिवाली की रात हुई हत्या का मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार


मुरादाबाद। मझोला थाना पुलिस को रूटीन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नया मुरादाबाद क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मुख्य आरोपी बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने देर रात खुलने वाले एक ढाबे पर नशे का कारोबार करने वाले संचालक को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दरअसल, दिवाली की रात मझोला थाना इलाके के दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे स्थित ‘खातिरदारी ढाबे’ पर पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दबंगों द्वारा की गई फायरिंग में पाकबड़ा निवासी अब्दुल्ला की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुंडापांडे थाना क्षेत्र के नियामतपुर इकरोटिया निवासी मोहसिन और सरताज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सरताज को दिन में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शाम करीब 7:00 बजे मझोला पुलिस नया मुरादाबाद इलाके में रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ में उसकी पहचान हत्या के फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहसिन निवासी नियामतपुर इकरोटिया के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक बाइक, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे पर देर रात तक खुलने वाले चाय के ढाबों पर अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ‘खातिरदारी ढाबे’ के संचालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में नारकोटिक्स (नशीली) सामग्री बरामद की है, जिसके बाद उसे भी जेल भेज दिया गया है।

घटना की जानकारी देते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दिवाली की रात हुई हत्या के मामले में एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका था। दूसरे मुख्य आरोपी मोहसिन को नया मुरादाबाद में मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से आला-ए-कत्ल (तमंचा) बरामद हुआ है। साथ ही अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त ढाबा संचालक के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts