बाहर से बंद था गेट, तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ
आगरा। कोचिंग सेंटर के अंदर गणित के टीचर की हत्या कर दी गई। उनका शव बेसमेंट में पड़ा मिला। आसपास खून फैला हुआ था। शव कई दिन पुराना होने की आशंका है। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर घटना का पता चला।
शिक्षक शिवालिक स्कूल में गणित पढ़ाते थे। उनकी कोचिंग आवास विकास चौकी क्षेत्र के बीएस प्लाजा के बेसमेंट में है। मंगलवार से कोचिंग बंद थी। वह स्कूल भी नहीं जा रहे थे। मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का है।
टीचर ओपी यादव (50) आवास विकास सेक्टर-3 स्थित बीएस प्लाजा के बेसमेंट में गणित की ट्यूशन पढ़ाते थे। वह मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद स्थित गांव कठिका के रहने वाले थे।
सोमवार से उनका मोबाइल बंद आ रहा था। मंगलवार को छात्र पढ़ाई के लिए कोचिंग पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद कोचिंग सेंटर बंद रहा। शुक्रवार सुबह मार्केट के दुकानदार पहुंचे तो कोचिंग सेंटर के अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जगदीशपुरा थाना पुलिस की टीम बीएस प्लाजा पहुंची। कोचिंग सेंटर का दरवाजा खोलकर अंदर जांच की गई तो शिक्षक का शव पड़ा मिला। शव क्षत-विक्षत हालत में था और आसपास काफी खून फैला हुआ था, जो सूख चुका था। शव की हालत देखकर उसके कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर कुछ छात्र-छात्राएं भी मौके पर पहुंच गए। एक छात्र ने बताया कि टीचर ओपी यादव स्कूल से दोपहर ढाई बजे आने के बाद कोचिंग में पढ़ाते थे। वह गणित अच्छा पढ़ाते थे, इसलिए उनके पास काफी छात्र पढ़ने आते थे। शाम 6 बजे उनका आखिरी बैच होता था।
छात्र ने बताया कि वह सोमवार को कोचिंग आया था। मंगलवार को जब वह पढ़ने पहुंचा तो कोचिंग का शटर बंद मिला। इसके बाद वह लौट गया। टीचर के वॉट्सएप नंबर पर आखिरी बार सोमवार शाम 6:30 बजे आॅनलाइन दिखा था। स्कूल के अन्य टीचरों ने बताया कि ओपी यादव ने मंगलवार को छुट्टी ली थी। इसके बाद से वह स्कूल नहीं आए। उनसे मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन रात करीब 10 बजे आगरा पहुंचे। एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि परिजनों से बातचीत की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी कोचिंग सेंटर का दरवाजा बाहर से बंद कर गया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।