सोने-चांदी के सिक्के और बर्तन खरीदने पहुंचे लोग, दुकानों पर सजावट और आॅफर्स
शारदा रिपोर्टर मेरठ। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह से ही लोग परिवार के साथ बाजारों में पहुंचकर अपनी पसंद का सामान खरीद रहे हैं।
बर्तन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और आॅटोमोबाइल शोरूम पर ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। कोई सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण खरीद रहा है तो कोई बर्तन, मोबाइल और घरेलू उपयोग का सामान पसंद कर रहा है। धनतेरस पर शुभ खरीदारी की परंपरा के चलते बाजारों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
त्योहार को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दुकानों और बाजारों में रंग-बिरंगी लाइटें, झालर और सजावटी सामान लगाए गए हैं। रोशनी से जगमगाते बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू होने से रौनक बढ़ गई है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों पर विशेष सजावट और सामान की आकर्षक डिस्प्ले की है। कई दुकानों पर दीपावली के विशेष आॅफर भी दिए जा रहे हैं।
धनतेरस पर बर्तन, सोने-चांदी और नई वस्तुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में परिवार के साथ पहुंचे लोग दुकानों पर सामान के डिजाइन और कीमतों की जानकारी ले रहे हैं।
व्यापारियों को उम्मीद है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, बाजारों में ग्राहकों की संख्या और खरीदारी का सिलसिला भी बढ़ेगा। शाम के समय बाजारों में और अधिक रौनक रहने की संभावना है।