HomeAccident Newsरोडवेज बस ट्रक से टकराई, महिला परिचालक की मौत

रोडवेज बस ट्रक से टकराई, महिला परिचालक की मौत

-

रुड़की हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ घने कोहरे में हुआ हादसा, एक यात्री घायल


शारदा रिपोर्टर मेरठ। घने कोहरे के बीच शुक्रवार तड़के मेरठ-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। वलीदपुर गांव के पास हाईवे किनारे खड़े रोडी से लदे ट्रक में ऋषिकेश से मेरठ आ रही मेरठ डिपो की रोडवेज बस पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की परिचालक साइड के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 22 वर्षीय महिला परिचालक पूर्वा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री घायल हो गया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि अन्य यात्री सुरक्षित बच गए।

हादसा शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ। उस समय हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। बताया गया कि रोडी से भरा ट्रक हाईवे किनारे खड़ा था। कम दृश्यता के कारण बस चालक मुजफ्फरनगर निवासी अमरपाल को ट्रक दिखाई नहीं दिया और बस सीधे पीछे से उसमें जा घुसी। टक्कर के बाद बस में अफरातफरी मच गई। परिचालक साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बुलंदशहर निवासी यात्री विशाल घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बस में फंसी महिला परिचालक पूर्वा के शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पूर्वा शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के कासोपुर गांव की रहने वाली थी। हादसे में घायल यात्री विशाल को उपचार के लिए भेजा गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

टक्कर के बाद ट्रक में लदी रोडी निकलकर हाईवे पर फैल गई। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया। रुहासा निवासी रोहित राज और गौरव कुमार ने सड़क पर पड़ी रोडी के आसपास पेड़ों की टहनियां डालकर वाहन चालकों को खतरे का संकेत दिया। दोनों ने आने-जाने वाले वाहनों को संभलकर निकलने का इशारा भी किया।

इसके बावजूद रोडी काफी देर तक सड़क पर पड़ी रही। इस दौरान कई बाइक सवार उस पर फिसलकर गिर गए। हाईवे पर जाम जैसे हालात बने रहे। करीब सुबह 10 बजे सड़क से रोडी हटवाने का काम शुरू किया गया।

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि हादसे में महिला परिचालक की मौत हुई है, जबकि बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित हैं। घायल यात्री का उपचार कराया गया है। सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts