HomeCRIME NEWSआवास विकास का आउटसोर्स कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

आवास विकास का आउटसोर्स कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

-

प्रधानमंत्री आवास की रजिस्ट्री कराने के नाम पर महिला से मांगी छह हजार की रिश्वत, एंटी करप्शन की टीम ने पकड़ा


शारदा रिपोर्टर मेरठ। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले मकान की रजिस्ट्री के लिए भी रिश्वत का खेल सामने आया है। आवास विकास कार्यालय में तैनात आउटसोर्स कर्मचारी अभिनव को एंटी करप्शन मेरठ की टीम ने मंगलवार को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी महिला से मकान की रजिस्ट्री कराने के नाम पर रकम मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और कार्यालय में ही आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया।

एंटी करप्शन टीम के अनुसार, किनानगर निवासी रंजना को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान आवंटित हुआ था। आवंटन के बाद मकान की रजिस्ट्री होनी थी। आरोप है कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर आवास विकास कार्यालय में आउटसोर्स कर्मचारी अभिनव ने महिला से छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी। महिला ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी।

शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना तैयार की गई। मंगलवार को महिला को केमिकल लगे नोट देकर आवास विकास कार्यालय भेजा गया। महिला ने जैसे ही आरोपी को छह हजार रुपये दिए, पहले से आसपास मौजूद एंटी करप्शन टीम के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया।

सरकारी कार्यालय में रिश्वत लेते कर्मचारी की गिरफ्तारी से वहां हड़कंप मच गया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की और उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी आउटसोर्स कर्मचारी है, लेकिन सरकारी योजना के लाभार्थी से रजिस्ट्री के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद आवास विकास कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं।

एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि क्या छह हजार रुपये की यह मांग अकेले कर्मचारी ने की थी या इसके पीछे किसी अधिकारी-कर्मचारी की भी भूमिका थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अन्य प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से भी रजिस्ट्री अथवा दूसरी प्रक्रिया के नाम पर रकम तो नहीं मांगी गई।

 

See more : आवास विकास का आउटसोर्स कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts