तिगरी गंगा धाम में चले लाठी-डंडे, पांच घायल, एक की हालत गंभीर
अमरोहा। गजरौला थाना क्षेत्र स्थित तिगरी गंगा धाम में रविवार शाम अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुई मारपीट से गंगा धाम में अफरा-तफरी मच गई। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे की है। बताया गया कि अमरोहा नगर और गजरौला क्षेत्र के फाजलपुर मोहल्ले के लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने तिगरी गंगा धाम पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शुरूआत में विवाद बातचीत तक रहा, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। अचानक हुई मारपीट से गंगा धाम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गजरौला पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह पता कर रही है। साथ ही मारपीट में शामिल लोगों की पहचान के लिए वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद तिगरी गंगा धाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस नजर बनाए हुए है।