हादसे के वक्त आसपास कोई नहीं था, बड़ा हादसा टला
शारदा रिपोर्टर मेरठ। कोतवाली थाना क्षेत्र के भटवाड़ा चौक में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सालों से बंद पड़ा एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मकान के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, भटवाड़ा चौक में अंकित त्यागी का मकान काफी समय से बंद पड़ा था। मकान लंबे समय से देखरेख के अभाव में जर्जर हालत में पहुंच चुका था। मंगलवार को अचानक मकान का हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। कुछ ही पलों में मकान का मलबा नीचे आ गया। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के दुकानदारों और लोगों में भी दहशत फैल गई।
मकान गिरने के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने मलबे के आसपास जाकर स्थिति देखी और यह भी सुनिश्चित किया कि कहीं कोई व्यक्ति मलबे के नीचे तो नहीं दबा है। हालांकि, राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान काफी समय से बंद था और इसकी हालत पहले से ही बेहद खराब थी। जर्जर मकान को लेकर आसपास रहने वाले लोगों में भी चिंता बनी हुई थी। अचानक मकान गिरने के बाद लोगों ने अन्य पुराने और जर्जर मकानों को लेकर भी चिंता जताई।
हादसे के बाद मकान का मलबा मौके पर पड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में ऐसे पुराने और जर्जर मकानों को चिन्हित कर उनकी स्थिति की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की जनहानि की घटना न हो। मंगलवार को भटवाड़ा चौक में हुए इस हादसे में किसी के हताहत नहीं होने को बड़ी राहत माना जा रहा है।