मैं नियमित तौर पर पार्लियामेंट आ रहा हूं-शाह
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में जारी गतिरोध पर आज पहली बार मीडिया के सामने आए और उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष तैयार हो तो सरकार हर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मैं किसी भी चर्चा का जवाब देने के लिए तैयार हूं, लेकिन विपक्ष नहीं चाहता कि सदन के अंदर चर्चा हो। अमित शाह ने कहा कि अब विपक्ष को यह तय करना है कि वे चर्चा चाहते हैं कि हंगामा। अमित शाह ने कहा कि आज दोपहर तीन बजे से कल दोपहर तीन बजे तक का वक्त है, विपक्ष तैयार हो तो चर्चा करा ले। हम जवाब देंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लापता, भगोड़े जैसे शब्द खूब सुनने को मिल रहे हैं जबकि मैं सेशन शुरू होने के बाद से नियमित रूप से पार्लियामेंट आ रहा हूं। मैं अपने चैंबर में बैठता हूं, लेकिन चूंकि विपक्ष पार्लियामेंट को चलने नहीं दे रहा है तो क्या किया जाए? जहां तक चर्चा की बात है, हमारे पार्लियामेंट्री अफेयर्स मिनिस्टर किरेन रिजिजू ने यह बिल्कुल साफ कर दिया है कि सरकार छात्र प्रोटेस्ट के बारे में पूरी चर्चा के लिए तैयार है।
शाह ने कहा कि हमने समय तय करने और विपक्ष को तैयार रहने के लिए कहा है। उनकी जो मांग थी उस पर हम सहमत हो गए। मैंने भी कहा है कि पार्लियामेंट में किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं, फिर भी वे नहीं चाहते कि चर्चा हो। अब, जनता को तय करने दें कि कौन भाग रहा है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि वे आज दो बजे तक स्पीकर को एक चिट्ठी दें कि आज तीन बजे से कल दोपहर तीन बजे तक चर्चा कराई जाए। हम सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार हैं। मैं सदन में बैठूंगा; मैं सबकी बात सुनूंगा। और हर पॉइंट पर जवाब दूंगा।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। मैं इस पर भी बात करूंगा कि वे चर्चा क्यों नहीं चाहते थे। मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार किसी भी चीज पर चर्चा करने के लिए तैयार है। लेकिन विपक्ष को चर्चा नहीं होने देना है। बता दें कि दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों के मुद्दे पर सरकार सदन में चर्चा कराने के लिए तैयार है। इसकी जानकारी संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू भी पहले दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि गृह मंत्री चर्चा का जवाब देंगे लेकिन विपक्ष को उन्हें सुनना होगा। ऐसा न हो कि विपक्ष हंगामा करने लगे और सदन छोड़कर भाग जाए।