पशु आहार निर्माता कंपनी के डायरेक्टर ने की शिकायत, धोखाधड़ी का मुकदमा
हापुड़। देहात क्षेत्र में स्थित एक पशु आहार निमार्ता कंपनी में 18.41 लाख रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। कंपनी के डायरेक्टर की शिकायत पर पुलिस ने नौ वर्षों से कार्यरत मुख्य अकाउंटेंट के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पटना स्थित सूर्या एग्रीमार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में पशु आहार का निर्माण होता है। कंपनी के डायरेक्टर वरुण आर्य ने तहरीर में बताया कि हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरसिंहपुर निवासी प्रवेश शर्मा पिछले करीब नौ साल से कंपनी में मुख्य अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। लंबे समय से कंपनी से जुड़े होने के कारण प्रवेश शर्मा के पास कंपनी के नकद लेन-देन, मजदूरों के भुगतान, माल की खरीद-बिक्री, भाड़े और अन्य सभी वित्तीय रिकॉर्ड की पूरी जिम्मेदारी थी।
तहरीर के मुताबिक, 13 मई 2026 को कंपनी के खातों और नकद लेन-देन का मिलान किया गया। इस दौरान 18.41 लाख रुपये की कमी सामने आई। जब इस संबंध में प्रवेश शर्मा से पूछताछ की गई, तो उसने रकम अपने निजी कार्यों में खर्च करने की बात स्वीकार की। उसने भरोसा दिलाया था कि अगले दिन 14 मई को पूरी धनराशि कंपनी के बैंक खाते में जमा करा देगा।
हालांकि, अगले दिन आरोपी प्रवेश शर्मा न तो कंपनी पहुंचा और न ही उसने कोई रकम जमा की। इसके बाद कंपनी के डायरेक्टर उसके हरसिंहपुर स्थित घर पहुंचे, जहां उसकी पत्नी मिली। पत्नी ने बताया कि प्रवेश करीब 15 दिनों के लिए कहीं बाहर गया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि उसे किसी आधिकारिक कार्य से बाहर नहीं भेजा गया था, जिसके बाद उन्हें आशंका हुई कि आरोपी कंपनी की रकम लेकर फरार हो गया है।
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने डायरेक्टर की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।