आसीवन में पत्नी ने मां और भाई पर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी
उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के अनवर खेड़ा गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मृतक की पत्नी ने अपने ही ससुराल वालों पर पति की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
अनवर खेड़ा निवासी मिन्नीलाल उर्फ राजू (32 वर्ष) पुत्र बालकराम का शव गाँव से करीब पांच सौ मीटर दूर कुरसठ निवासी शजर के बाग में एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने शव देखकर तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक के भाई कैलाश ने बताया कि मिन्नीलाल पर घर से जेवर चोरी करने का आरोप था। इस मामले की शिकायत उनकी माँ शिवकुमारी ने आसीवन पुलिस से की थी। पुलिस ने मिन्नीलाल को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह डर के मारे पुलिस के पास नहीं गया और उसके बाद से ही तनाव में था।
घटना के समय मृतक की पत्नी सुमन अपने मायके उदशाह गाँव में थी। सूचना मिलने पर जब सुमन मौके पर पहुँची, तो उसने अपने पति की मौत के लिए अपनी सास और देवर को जिम्मेदार ठहराया। सुमन का आरोप है कि उसकी सास और देवर ने मिलकर मिन्नीलाल की हत्या की है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया। सुमन के आरोपों के बाद मौके पर परिजनों और पुलिस के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ही परिजन शांत हुए।
चंडीगढ़ में मजदूरी करता था मृतक
मृतक मिन्नीलाल अपने पांच भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार रोजी-रोटी के सिलसिले में चंडीगढ़ में मजदूरी करता था और कुछ समय पूर्व ही गांव आया था। आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक दृष्टया मामला संदिग्ध है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।