HomeTrendingबारिश में खेलते-खेलते नाले में समाया मासूम

बारिश में खेलते-खेलते नाले में समाया मासूम

-

17 घंटे तलाश के बाद एक किमी दूर दिखी लाश, टूटे स्लैब से गिरा था बच्चा


रामपुर। बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहा आठ साल का अब्दुल रहीम नाले में गिरकर लापता हो गया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 17 घंटे बाद बाबा दीप सिंह नगर स्थित नाले में उसका शव एक किलोमीटर दूर मिला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

गंज कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला सतूने संग निवासी शन्नू का आठ वर्षीय बेटा अब्दुल रहीम सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे घर के बाहर मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ बारिश का आनंद ले रहा था। लगातार हो रही बारिश से नाले में पानी का बहाव काफी तेज था।

प्रत्यक्षदर्शी बच्चों के मुताबिक खेलते समय अचानक रहीम का पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन कुछ ही सेकंड में तेज बहाव मासूम को अपने साथ बहाकर ले गया। देखते ही देखते हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

घटना की सूचना मिलते ही गंज कोतवाली पुलिस, नगर पालिका और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शाम करीब पांच बजे से नाले में तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीमों ने कई घंटों तक नाले के अलग-अलग हिस्सों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

रात करीब आठ बजे अंधेरा बढ़ने और हालात अनुकूल न होने के कारण बचाव अभियान रोक दिया गया। पूरी रात परिवार की निगाहें बेटे के लौटने की उम्मीद पर टिकी रहीं, जबकि मोहल्ले के लोग भी बेचैन होकर सुबह होने का इंतजार करते रहे।

मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बाबा दीप सिंह नगर स्थित एक डेरी संचालक की नजर नाले में तैर रहे शव पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने सीढ़ी की मदद से बच्चे के शव को नाले से बाहर निकाला। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts