रेलवे लाइन से 100 मीटर दूर पड़ा मिला, 10 दिन से मायके में थीं
अमेठी। जायस थाना क्षेत्र में एक 85 वर्षीय वृद्धा का शव खेत में मिला। सोमवार सुबह रेलवे लाइन से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत में शव बरामद किया गया। मृतका पिछले 10 दिनों से अपने मायके में रह रही थीं और मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं।
यह घटना जायस थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे वोलई की है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के गुम्भी आइमा निवासी गया देवी पत्नी प्यारे लाल के रूप में हुई है। उनके भतीजे प्रमोद कुमार पासी पुत्र स्व. रामलखन पासी निवासी आलमपुर ने पुलिस को बताया कि उनकी बुआ लगभग 85 वर्ष की थीं और उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। वह 10 दिन पहले अपने मायके आलमपुर आई थीं।
थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह ग्राम पूरे वोलई के उत्तर में आर.जी.पी.टी.आई. के पीछे रेलवे लाइन से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत में शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरवाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, वृद्धा मानसिक रूप से बीमार थीं और संभवत: भटकते हुए खेत तक पहुंच गई होंगी। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।