कमरे में फंदे से लटका मिला शव, ससुराल से मेला देखकर लौटा था
प्रयागराज। थाना क्षेत्र के पकरी सेवार गांव में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पकरी सेवार निवासी सत्यनारायण सताई (28) पुत्र उमा शंकर निषाद गुरुवार को अपनी पत्नी को साथ लेकर उसके मायके सीतामढ़ी गया था। पिता उमा शंकर ने बताया है कि वहां मेला लगा था, जिसे देखने के लिए वह पत्नी को साथ लेकर गया था। मेला देखने के बाद घर लौटने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद वह नाराज होकर अकेले घर लौट आया, जबकि पत्नी मायके में ही रह गई।
परिजनों के मुताबिक घर पहुंचने के बाद सत्यनारायण अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। शुक्रवार सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ दिया गया। अंदर का दृश्य देख परिजन सन्न रह गए। युवक का शव छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला।
सूचना पर सिरसा चौकी प्रभारी प्रभाकर शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी में पुलिस लगीं रही । पुलिस कि कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक मिलनसार स्वभाव का था और खेती-बाड़ी व मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिजन बदहवास हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है।