दिल्ली जाने से पहले पुलिस से नोंकझोंक, पीएम मोदी का पोस्टर फाड़ने की कोशिश
बुलंदशहर। पूर्व बाहुबली विधायक गुड्डू पंडित की पत्नी और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा को गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। पुलिस ने उन्हें दिल्ली जाने से रोक दिया। इस दौरान अर्चना पांडा और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस और नोंकझोंक होती रही।
नजरबंदी के दौरान अर्चना पांडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पोस्टर फाड़ने की कोशिश की। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत उनके हाथ से पोस्टर छीन लिया। इस दौरान कांग्रेस नेत्री और महिला पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस भी हुई।
दिल्ली जाने से रोके जाने पर अर्चना पांडा ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह तानाशाही रवैया है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।” उन्होंने अपनी नजरबंदी को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अर्चना पांडा के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से एहतियातन यह कदम उठाया गया है।