केबिन काटकर ड्राइवरों को निकाला गया, दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुराना मार्केट स्थित काली मंदिर के पास तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक केबिन में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल होने के कारण केबिन में फंसे हुए थे।
उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ट्रक के केबिन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के तुरंत बाद पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों ट्रक चालकों की जान बचाने में सफलता मिली।