मंदबुद्धी बेटे ने गर्दन पर वार किया, आरोपी पुलिस हिरासत में
बहराइच। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे बेटे ने अपनी ही मां पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला थाना विशेश्वरगंज के पुरैना गांव का है।
पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना विशेश्वरगंज के पुरैना गांव निवासी छैल बिहारी पुत्र भगवानदीन ने अपनी मां कृष्णावती (55) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में मां की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही विशेश्वरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि आरोपी छैल बिहारी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। हत्या किस परिस्थिति में और किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
बताया गया कि मृतका कृष्णावती के तीन बेटे हैं। घटना को लेकर परिवार के लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है। मां की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने की तैयारी की जा रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।