जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक की मौत, दूसरा घायल अभी अस्पताल में भर्ती
रामपुर। शाहबाद नगर में शनिवार सुबह शाहबाद-ढकिया रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर दो चौकीदार खून से लथपथ मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहबाद पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान अकरम नामक एक चौकीदार की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल अय्यूब का इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अकरम और घायल अय्यूब शाहबाद क्षेत्र के गांव लश्करगंज के निवासी हैं। वे दिन में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे और रात में शाहबाद-ढकिया रोड पर स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर चौकीदारी का काम करते थे।
शुक्रवार रात भी दोनों अपनी ड्यूटी पर थे। आशंका है कि रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार सुबह राहगीरों ने दोनों को दुकान के बाहर खून से लथपथ पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को पहले सीएचसी शाहबाद और फिर जिला अस्पताल रामपुर भेजा।
जिला अस्पताल रामपुर में इलाज के दौरान अकरम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अय्यूब का उपचार अभी भी जारी है।