छह से अधिक बच्चे घायल, एक छात्र का पैर फ्रैक्चर, बेला भेला के पास हुआ हादसा
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो स्कूल वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। इनमें एक छात्र के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायल बच्चों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला भेला में चल रहा है।
हादसा बेला भेला के पास उस समय हुआ, जब सत्यनारायणी इंटर कॉलेज, दरियापुर की बस और लियो कॉन्वेंट स्कूल, उत्तरपारा की मैजिक गाड़ी आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार बच्चे घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए सभी घायल बच्चों को सीएचसी बेला भेला पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला।
हादसे में लियो कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा चार के छात्र अर्श (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. रोशन पटेल ने बताया कि छात्र का इलाज जारी है।
सत्यनारायणी इंटर कॉलेज, दरियापुर की छात्राएं विजय लक्ष्मी (12 वर्ष, कक्षा 9), रागिनी (14 वर्ष) और मोनी अग्रहरी समेत अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी बेला भेला में किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।