छह घंटे के रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद गोताखोरों को मिली सफलता
प्रतापगढ़। सई नदी में डूबे दो सगे भाइयों के शव सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वाले किशोरों की संख्या तीन हो गई है। स्थानीय गोताखोरों ने छह घंटे के रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद दोनों शवों को नदी से निकाला।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय गोताखोरों ने रविवार देर रात से तलाश अभियान जारी रखा था। करीब छह घंटे तक चले इस अभियान के बाद सोमवार सुबह लगभग पांच बजे दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय कृष्णा सोनी और 13 वर्षीय अनुराग सोनी के रूप में हुई है। ये दोनों अचलपुर निवासी सगे भाई थे।
इससे पहले, रविवार को ही तीसरे किशोर अमित सोनी का शव स्थानीय गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया गया था। तीनों किशोर रविवार सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र के खीरीवीर पुल के पास सई नदी में नहाने गए थे। गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूब गए।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और अचलपुर गांव समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है।