छह दुकानें चपेट में आईं, गृहस्थी का सामान जला, चार गाड़ियां जलकर हुई राख
एटा। अलीगंज कस्बे में एक मकान में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। गुरुवार की सुबह लोगों के शोर मचाने पर परिवार को जानकारी हुई। आग की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस और फागर ब्रिगड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
कई घंटे तक आग लगी रहने से करीब छह दुकानें लपटों की चपेट में आ गईं। इन दुकानों में रखीं चार गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा मकान की गृहस्थी का सामान और इनवर्टर जल गया। आग लगने से करीब 50 से 60 लाख रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया है।
अलीगंज के रहनेवाले चमन खान पुत्र जाहूर खान ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि आग की तेज लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था।
चमन खान की परिजन शाहीन ने बताया कि वह दूसरी मंजिल पर अपने पांच बच्चों के साथ सो रही थीं। अचानक शोर-शराबा सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि सीढ़ियों तक आग पहुंच चुकी थी और ऊपर रखा इनवर्टर भी जल रहा था। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले अपने बच्चों को जगाया और पड़ोसी की छत पर कूदकर सभी की जान बचाई। उन्होंने बताया कि जब तक सभी बच्चे सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, तब तक आग दूसरी मंजिल तक पहुंच चुकी थी और हाल में रखा कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो चुका था।
आग में छह दुकानों में रखा करीब 50 लाख रुपए का सामान, इनवर्टर, गृहस्थी का सामान और कपड़े जलकर राख हो गए। इसके अलावा ट्रेवर, बाइक, स्कूटी और आॅटो समेत चार वाहन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए।
पीड़ित चमन खान ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी काफी देर से मौके पर पहुंची। उनका आरोप है कि जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक छह दुकानों का सामान और चारों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
मामले में उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।