पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, वाहन समेत चालक फरार
श्रावस्ती। मंगलवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एनएच-730 पर मोहनीपुर पेट्रोल पंप के पास एक सड़क हादसा हुआ। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो लोगों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस दुर्घटना में 30 वर्षीय राजमिस्त्री रमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मे मौजूद दौलत राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, नवीन मॉर्डन थाना क्षेत्र के लोहनिया गांव निवासी रमेश पुत्र मुरलीधर और दौलत राम पुत्र मंगल प्रसाद मंगलवार रात सीताद्वार गांव में एक शादी समारोह से बाइक पर घर लौट रहे थे। रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच मोहनीपुर पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के समय हल्की बारिश और अंधेरा होने के कारण वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद बाइक समेत दोनों सड़क पर पड़े थे, वहीं राहगीरों ने डायल-112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दौलत राम की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर इकौना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के द्वारा दी गई प्राथमिक जानकारी के अनुसार ने बताया गया कि मृतक रमेश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी लगभग आठ वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। रमेश अपने पिता के साथ राजमिस्त्री का काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। यह हादसा उनके घर से लगभग पांच किलोमीटर दूर हुआ।