पसगवां कोतवाली क्षेत्र में हादसा, बाइक सवार तीन युवक मुंडन संस्कार में जा रहे थे
लखीमपुर खीरी। पसगवां कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। आशीष कुमार (24) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दो अन्य युवकों की हालत गंभीर है।
हादसा रात गुरुवार की रात करीब 8 बजे पनई चौराहे के पास नेशनल हाईवे-730 पर हुआ। शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर गांव के आशीष कुमार पुत्र किशन कुमार, विभु कुमार पुत्र रामाधार और राजू पुत्र अरुण कुमार बाइक से मुंडन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। समारोह लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में था।
इसी दौरान उनकी बाइक गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर किया गया। वहां पहुंचने से पहले आशीष की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली गलत दिशा से आ रही थी। गन्ना ढोने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे हैं। लोगों का कहना है कि रात में बिना रिफ्लेक्टर चलने वाले वाहनों से हादसे का खतरा बढ़ता है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।