सुबह खेत जाते समय हुआ हादसा, जेठानी ने इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के कैल्ठा गांव में बुधवार तड़के 4:30 बजे रोडवेज बस ने देवरानी-जेठानी को टक्कर मार दी। हादसे में देवरानी की मौके पर मौत हो गई। वहीं, जेठानी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के कैल्ठा गांव की रहनेवाली कमला देवी (50) पत्नी सरवन सिंह अपनी जेठानी मालती देवी (60) पत्नी अजयपाल के साथ बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे खेत की ओर जा रही थी। दोनों सड़क किनारे चल रही थीं। इसी दौरान एटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में कमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जेठानी मालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने कमला देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कमला देवी के परिवार में उनके पति सरवन सिंह और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा देवेंद्र सिंह ट्रक चालक है, जबकि छोटा बेटा धर्मेंद्र सिंह अपने पिता के साथ गांव में रहकर खेती-बाड़ी करता है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल मालती देवी को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां से हालत नाजूक होने के चलते डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। मलाती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मालती देवी के बेटे नरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद उनकी मां को गंभीर हालत में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि उनके पिता अजयपाल सिंह का करीब 11 साल पहले निधन हो चुका है। परिवार पहले से ही कई दुख झेल चुका है। उनके एक भाई की कैंसर से मौत हो गई थी। अब परिवार में केवल वही बचे हैं। उनकी बहन की शादी हो चुकी है। खेती-बाड़ी कर वह परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर भेजी गई थी। घायल महिला मालती देवी की भी एटा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत होने की सूचना परिजनों से प्राप्त हुई है। अज्ञात रोडवेज बस की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में थाना स्तर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।