क्रेटा कार समेत एक करोड़ का नुकसान, शटर और दीवार तोड़कर फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
कन्नौज। छिबरामऊ में आॅटो पार्ट्स शोरूम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिसमें शोरूम का सारा सामान जलकर राख हो गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम के अंदर खड़ी कार समेत लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की सिर्फ एक गाड़ी पहुंची, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। दमकल विभाग की सुस्ती से स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते पर्याप्त इंतजाम होते, तो नुकसान कम हो सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और उच्चाधिकारियों से वार्ता कर अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर भिजवाए। दमकल कर्मियों ने शटर और दीवारें तोड़कर पानी की बौछारें कीं, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे अचानक शोरूम के भीतर से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दूर-दूर तक उसकी भयावह लपटें और लाल रोशनी साफ देखी जा सकती थीं। आस-पास के दुकानदारों और निवासियों में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
आग लगने की सूचना के तुरंत बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की महज एक गाड़ी पहुंची, जो आग की लपटों के सामने नाकाफी साबित हुई। आग को लगातार धधकते देख और प्रशासन की ढीली कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि यदि दमकल विभाग मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते पर्याप्त इंतजाम करता, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही छिबरामऊ विधायिका अर्चना पांडेय तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन उच्चाधिकारियों से फोन पर बात की और जिले से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवाईं। वहीं, नगर पालिका चेयरमैन मनोज दुबे ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था करवाई।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शोरूम के शटर और दीवारों को तोड़कर अंदर पानी की बौछारें डाली गईं, तब जाकर आग पर बमुश्किल काबू पाया जा सका।
शुरूआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और मामले की पूरी जांच की जा रही है।