HomeTrendingबस ने दो दोस्तों को रौंदा, दोनों की मौत

बस ने दो दोस्तों को रौंदा, दोनों की मौत

-

ड्यूटी से वापस लौट रहे थे, ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हुआ


गाजियाबाद। मुरादनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बुधवार शाम तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

मृतकों की पहचान डिडौली निवासी विपिन त्यागी (45) और भूपेंद्रपुरी कॉलोनी, मोदीनगर निवासी जयपाल सिंह (62) के रूप में हुई है। दोनों बसंतपुर सैतली स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करते थे और रोज की तरह एक ही बाइक से ड्यूटी पर गए थे।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात दोनों फैक्ट्री से निकले। शाम करीब सात बजे जब उनकी बाइक बसंतपुर सैतली गेट के आगे यू-टर्न के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। वह दूसरी बस से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। यू-टर्न और स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद चालक ने रफ्तार कम नहीं की, जिसके कारण बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे।
दुर्घटना के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के अनुसार विपिन त्यागी परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनकी आय से ही पूरे परिवार का खर्च चलता था। एक ही हादसे में दो दोस्तों की मौत से फैक्ट्री कर्मियों और क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

मसूरी सर्किल के एसीपी अजय कुमार ने बताया कि बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही बस और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts