मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन
मेरठ। आज आयुक्त सभागार में आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी एवं डीआईजी कलानिधि नैथानी की अध्यक्षता में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक (द्वितीय) का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत संभाग मेरठ, संभाग गाजियाबाद के लिए गए निर्णय की अनुपालन आख्या के साथ संभाग स्तर पर दुर्घटनाओं की तुलनात्मक समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने विशेष रूप से कार्य योजना को लागु करने हेतु अतिशीघ्र एक्शन प्लान बनाने पर जोर दिया, साथ ही सभी संबंधित विभागों को इस कार्य योजना पर साथ मिलकर कार्य करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही दुर्घटना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध धारा-19 के तहत लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। एनएचएआई को एनएच-58 पर बने सभी अवैध कट बंद करने के आदेश दिए, जनपद में दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने हेतु सख्त कार्यवाही करने के आदेश दिए, जिसमें नशा करके वाहन चलाने वाले वाहन चालकों से सख्ती बरतने एवं अत्यधिक गति में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के आदेश दिए, साथ ही मंडलायुक्त ने स्कूल बसों की फिटनेस पूर्ण कराने हेतु भी निर्देश दिए।
डीआईजी ने जेएफडी के आधार पर सड़क दुर्घटना मे कमी लाने हेतु वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिलाने हेतु समय समय पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के लिए जोर दिया।
इस अवसर पर राजेश कुमार श्रीवास्तव एसपी ट्रैफिक, अनीता सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी, अम्ब्रिश कुमार संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन, सुधांशु रंजन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मेरठ, पीके सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी गाजियाबाद एवं मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।