मायके वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी
बुलंदशहर। खुर्जा में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सोमवार को सिद्धेश्वर मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में हुई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर प्रताड़ना और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान सिकंदरा राऊ थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय तनु के रूप में हुई है। उसका विवाह 22 अप्रैल 2019 को खुर्जा के सिद्धेश्वर मंदिर के पीछे रहने वाले एक युवक से हुआ था।
मृतका के पति ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें घर से फोन आया था। उन्हें बताया गया कि उनकी मां और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया है। दिलीप ने दोपहर 12 बजे तक घर लौटकर मामला सुलझाने की बात कही थी।
पति के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे उनके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि तनु ने कमरे में फांसी लगा ली है। खबर सुनते ही पति तुरंत घर पहुंचे, जहां तनु का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही तनु को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके पक्ष का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि प्रताड़ना के चलते उठाया गया कदम है, या फिर उसकी हत्या की गई है।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।