रेलवे स्टेशन पर आरएमएस कार्यालय के सामने का मामला, नहीं हुई शिनाख्त
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक युवक की पानी की टंकी से गिरकर मौत हो गई। यह घटना थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन पर आरएमएस कार्यालय के सामने रेलवे क्वार्टरों के बीच बनी पानी की टंकी के पास हुई। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीषण गर्मी के कारण युवक रात में पानी की टंकी के ऊपर सो गया था। आशंका है कि नींद में करवट बदलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह टंकी से नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और रेलवे स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटा रही है। मृतक की पहचान के लिए उसके हुलिए और उपलब्ध अन्य तथ्यों के आधार पर प्रयास जारी हैं।
प्रारंभिक जांच में यह मामला एक हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस मृतक की पहचान कराने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयासों में जुटी है।


