शादी को हुए थे तीन महीने, दो दिन पहले आयी थी मायके, फंदे से लटका मिला शव
लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र के दक्षिण साहिजना गांव में बुधवार सुबह एक नवविवाहिता का शव उसके मायके स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, दक्षिण साहिजना गांव निवासी मनीराम की 19 वर्षीय पुत्री राजकुमारी का विवाह 27 अप्रैल को पलिया थाना क्षेत्र के अतरिया गांव निवासी राम कैलाश के पुत्र नीरज के साथ हुआ था। शादी के बाद राजकुमारी अपने ससुराल में रह रही थी। बताया गया कि वह 8 जून को अपने मायके आई थी।
परिजनों ने राजकुमारी का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवम कुमार और सिंगाही थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीओ शिवम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।