शादी की सालगिरह के न्योते से लौट रहा था परिवार, बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंदा
बाराबंकी। देवा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे तीनों शादी की सालगिराह में शामिल होने के लिए लखनऊ गए थे। लौटते समय तीनों की सड़क हादसे में मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मां-बेटे उछलकर सड़क पर जा गिरे। जिसके बाद ट्रैक्टर ने उन्हे कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि देर रात लौटते समय दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर सभी घर वापस आ रहे थे। आगे चल रही बाइक पर वह खुद अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ थे। जबकि ठीक पीछे आ रही दूसरी मोटरसाइकिल पर पड़ोसी मां-बेटा और युवक की 6 साल की बेटी बैठे थी ।
गोपालपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे वाली बाइक को रौंद दिया। जोरदार टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्ची ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जुटी है।
घटना देवा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास की है। देवगांव मलिकासांड के रहने वाले निर्मल कुमार ने बताया कि मैं अपने अपनी पत्नी और बेटी नैना(06) के साथ लखनऊ में मटियारी के पास हरिदासी खेड़ा गांव गया थे। मेरी बहन की शादी की सालगिरह थी। पड़ोसी ब्रजेंद्र कुमार(22) अपनी मां सुधा देवी(50) के साथ सालगिरह के निमंत्रण में शामिल होने साथ में ही गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद पूरा परिवार दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से वापस अपने घर लौट रहा था।
आगे वाली मोटरसाइकिल पर निर्मल कुमार खुद अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ थे। जबकि उनके ठीक पीछे दूसरी मोटरसाइकिल पर उनका ब्रजेंद्र कुमार, मां सुधा देवी और निर्मल की बेटी नैना बैठी हुई थी। गोपालपुर मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। तीनों उछलकर दूर गिरकर घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। ब्रजेंद्र, सुधा देवी और मासूम नैना सड़क पर दूर जा गिरे। तीनों को गंभीर चोटें आईं। चीखपुकार सुनकर आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़े। लोगों ने हादसे की जानक्कारी पुलिस को दी। साथ ही, घायलों को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा पहुंचाया।
इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. नीरज ग्रोवर ने जांच के बाद बताया कि ब्रजेंद्र कुमार और उनकी मां सुधा देवी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। 6 साल की नैना की हालत बेहद नाजुक थी। डॉक्टर ने उसे प्राथमिक इलाज देकर तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उस मासूम बच्ची ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में तीनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक रोहित शुक्ला का कहना है कि फरार ट्रैक्टर और उसके ड्राइवर की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।