– आरोप में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में वकीलों ने किया प्रदर्शन।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। बीते शुक्रवार को मेरठ कचहरी परिसर में फीस विवाद के बाद एक क्लाइंट और उसके परिजनों के साथ वकीलों द्वारा मारपीट और बंधक बनाने के मामले में लगभग 70 वकीलों (13 नामजद और करीब 60 अज्ञात) पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मुकदमे के विरोध में वकीलों ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्राथमिकी वापस लेने की मांग की।

वकीलों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। लेकिन इस दौरान दर्जनों की संख्या में पुलिस आॅफिस पहुंचे वकीलों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और वकीलों पर हुए दर्ज हुई प्राथमिकी वापिस लेने की मांग की।

वकीलों का कहना था कि, वकीलों के चैंबर में घुसे युवकों ने हाथापाई करते हुए पिस्तौल तान दी थी। जिसके बाद वकीलों ने अपना बचाव करते हुए आरोपियों की पिटाई कर डाली। वहीं, वकीलों की बात सुनने के बाद एसएससी अभिषेक पांडे ने हंगामा कर रहे वकीलों को शांत कराया और इस मामले में उचित जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर में अधिवक्ता आमिर खान और उनके क्लाइंट के बीच फीस को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि वकीलों ने क्लाइंट और उसके रिश्तेदारों को चैंबर में बंद कर बुरी तरह पीटा। पॉक्सो केस में जमानत नहीं होने पर पीड़ितों ने फीस की रकम वापस मांगी थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और चैंबर के अंदर ही तीन लोगों को वकीलों ने जमकर पीटा था। इनमें कई की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।



