– 15 दिन पहले सऊदी में सड़क हादसे में हुई थी मौत, किया सुपुर्देखाक।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मुंडाली में अजराड़ा निवासी नाजिम का शव सऊदी अरब में हुए सड़क हादसे के 15 दिन बाद उसके पैतृक गांव अजराड़ा पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। गमगीन माहौल में नमाज-ए-जनाजा अदा कर नाजिम को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। 28 वर्षीय नाजिम पुत्र इकराम 6 सितंबर 2025 को चालक की नौकरी के लिए सऊदी अरब गया था। वह एजाज अल अरबिया लॉजिस्टिक सर्विस कंपनी में कंटेनर ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था।

गत 6 मई की देर रात जेद्दाह के खुमरी क्षेत्र में उसका ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया था। हादसा इतना भीषण था कि नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया था। परिजन भारत और सऊदी अरब स्थित दूतावासों से संपर्क कर शव को वतन लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए थे। तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नाजिम का शव विमान के जरिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरूवार शाम लगभग साढ़े छह बजे लाया गया। दिल्ली से एम्बुलेंस द्वारा शव को गांव अजराड़ा पहुंचाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद नमाज-ए-जनाजा अदा की गई और गांव के कब्रिस्तान में नाजिम को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
परिवार के लोगों ने बताया कि नाजिम चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने कम उम्र में ही परिवार का सहारा बनने का फैसला लिया था।
कुछ समय पहले ही उसने अपनी छोटी बहन की शादी कराई थी, जिसके बाद वह रोजी-रोटी कमाने सऊदी अरब चला गया था। परिवार में अब दो छोटी बहनें और करीब 12 वर्षीय छोटा भाई हैं, जिनके भविष्य की चिंता परिवार को लगातार सता रही है।

