– डंपर और दो बसों में हुई भिड़त, दो घायल, पुलिस ने राहत बचाव कार्य में लगी।
इटावा। शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के आगरा-कानपुर हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पक्काबाग रेलवे ओवरब्रिज के पास तीन वाहनों की भिड़ंत में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4:10 बजे हुआ।

आगरा से कानपुर जा रहे डंपर में पीछे से बस ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस डंपर के आगे फंसकर खड़ी हो गई। इसी दौरान बस से धुआं निकलने लगा, जिसके चलते यात्री नीचे उतर आए। तभी पीछे से आ रही डबल डेकर शताब्दी बस ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान सड़क पर खड़े यात्री भी चपेट में आ गए।
हादसे में गणेश नगर रावतपुर कानपुर निवासी 40 वर्षीय सोहनलाल गौतम पुत्र कालू गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नोएडा सेक्टर-93 स्थित एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट निवासी 45 वर्षीय विवेक मिश्रा पुत्र परमात्मा शरण मिश्रा ने जिला अस्पताल इटावा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
हादसे में शुक्लागंज कानपुर निवासी 40 वर्षीय शमशाद पुत्र मोहम्मद ईशा खान और बर्रा बाईपास कानपुर निवासी 30 वर्षीय शुभम पुत्र नरेश घायल हो गए। शुभम के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है। परिजन उसे इलाज के लिए कानपुर ले गए। अन्य घायलों का भी उपचार कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों ने आरोप लगाया कि पीछे से टक्कर मारने वाली बस का चालक शराब के नशे में था। हालांकि पुलिस ने इस आरोप की जांच शुरू कर दी है। दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

