– रोहटा रोड पर हादसे में एमआर घायल, संपत्ति अधिकारी बाल-बाल बचे।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा के रोहटा रोड पर एक बेकाबू टेंपो ने नगर निगम के संपत्ति अधिकारी की सरकारी बोलेरो को टक्कर मार दी। इस हादसे में संपत्ति अधिकारी बाल-बाल बच गए, लेकिन टेंपो की चपेट में आने से एक बाइक सवार एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने टेंपो चालक को पकड़ लिया।

यह घटना गगन एनक्लेव कॉलोनी के सामने हुई। नगर निगम के संपत्ति अधिकारी भोलाराम अपनी सरकारी बोलेरो से शोभापुर फ्लाईओवर की ओर से कार्यालय जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे टेंपो ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बोलेरो का दाहिना हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
अनियंत्रित टेंपो यहीं नहीं रुका और उसने आगे चल रहे दौराला के वलीदपुर गांव निवासी एमआर फुरकान की बाइक को भी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में फुरकान के पैर में चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। उन्होंने टेंपो चालक दिलशाद को पकड़ लिया। चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए संपत्ति अधिकारी की गाड़ी की मरम्मत कराने और घायल एमआर के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने उसे छोड़ दिया।

