– खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, रिफाइंड और मिल्क पाउडर सीज।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सरधना कस्बे में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सिंथेटिक मावा पकड़ा और उसे नष्ट कर दिया। सोमवार देर रात लोकप्रिय रोड क्षेत्र में हुई इस छापेमारी में करीब आठ कुंतल संदिग्ध मावा बरामद किया गया, जिसे तत्काल गड्ढे में डलवाकर नष्ट कराया गया।

इस दौरान बड़ी मात्रा में रिफाइंड तेल और मिल्क पाउडर भी सीज किया गया। असिस्टेंट कमिश्नर अजय जायसवाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सरधना क्षेत्र में लंबे समय से सिंथेटिक मावा तैयार किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर विभाग की टीम ने पहले गोपनीय तरीके से इलाके की रेकी की।
जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर सोमवार देर रात लोकप्रिय रोड स्थित नूरा और नफीस के ठिकानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके पर मावा तैयार होते हुए पाया।
अधिकारियों ने जांच के लिए कुल नौ नमूने एकत्र किए हैं। वहीं, करीब आठ कुंतल तैयार मावा को असुरक्षित मानते हुए नष्ट करा दिया गया। इसके अतिरिक्त, टीम ने रिफाइंड के 75 कनस्तर और मिल्क पाउडर के 12 बोरे भी सीज किए। अधिकारियों का कहना है कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
असिस्टेंट कमिश्नर अजय जायसवाल ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस छापेमारी के दौरान फूड इंस्पेक्टर जगबीर सिंह और गूंजन सहित विभाग की टीम मौजूद रही।

