– अनुशी तिवारी प्राउड इंडियन नवी नाम से अकाउंट बनाकर डाली जा रही पोस्ट।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने जा रहे विधानसभा चुनावों से पहले माहौल बिगड़ने की साजिश रची जा रही है। मेरठ के साइबर थाने में एक अकाउंट को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस अकाउंट से ऐसी वीडियो पोस्ट की गई है जिससे माहौल खराब हो सके। जांच में सामने आया है कि यह अकाउंट फर्जी है और पाकिस्तान में बनाया गया है।

एक्स पर जो अकाउंट ट्रॉल हो रहा है, वह अनुशी तिवारी ( प्राउड इंडियन नवी) के नाम से है। दो दर्जन से ज्यादा पोस्ट इस अकाउंट से डाली गई है जिसमें एक पोस्ट मेरठ को लेकर भी डाली गई है। पुलिस की माने तो इस पोस्ट में 10 मई की शाम एक वीडियो अपलोड किया गया है। वीडियो में बताया गया है कि मेरठ में 6 मस्जिद ध्वस्त कर दी गई। कई मुस्लिम घरों में आग लगा दी गई जिसमें कई लोग जिंदा जल गए।
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। केंद्र सरकार ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश कर दिए। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी एक्स अकाउंट पर डाली गई इन पोस्ट की तह तक जाने के लिए साइबर टीम को जिम्मेदारी सौपी। जांच के दौरान सामने आया कि इस अकाउंट से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि मध्य प्रदेश तक की कुछ वीडियो बात कर अपलोड की गई है।
इस पूरे मामले की जांच के बाद पता चला कि जो अनुशी तिवारी का अकाउंट है, वह फर्जी तरीके से तैयार किया गया है। यह भी खुलासा हुआ कि यह अकाउंट पाकिस्तान में बैठकर तैयार किया गया। इन पोस्ट को डालने का उद्देश्य केवल माहौल खराब करना प्रतीत हो रहा है। जिन वीडियो को दिखाकर भड़काने का प्रयास हो रहा है वह मेरठ की है ही नहीं।
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी पर शक: पुलिस अधिकारियों की मानें तो पोस्ट को देखकर साफ प्रतीत होता है कि यह एक साजिश के तहत तैयार किया गया अकाउंट है। कुछ मस्जिद दिखाई गई है। कुछ जगहों पर आग लगाना भी दिखाया गया है। इसके अलावा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैलियां की कुछ वीडियो भी डाली गई है। इन सब के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ होने की संभावना जताई गई है।

