– जना स्माल फाइनेंस बैंक का मामला, चार लाख रुपये की नकदी सुरक्षित बची, पुलिस ने डीवीआर कब्जे में ली।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। दौराला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून मार्ग किनारे स्थित जना स्माल फाइनेंस बैंक में चोरों ने सेंध लगाकर लॉकर तोड़ने का प्रयास किया। लॉकर में रखे करीब चार लाख रुपये सुरक्षित रहे। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली-देहरादून मार्ग पर दौराला थाना क्षेत्र के एटूजेड कॉलोनी गेट नंबर दो के पास स्थित जना स्माल फाइनेंस बैंक की शाखा में बुधवार रात चोरों ने सेंध लगाकर चोरी का प्रयास किया। चोर बैंक की पिछली दीवार में कुंबल कर अंदर घुस गए और लॉकर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। लॉकर में रखे करीब चार लाख रुपये सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, चोर बैंक के पीछे की दीवार में कुंबल कर अंदर दाखिल हुए और लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया। काफी कोशिश के बावजूद लॉकर नहीं खुल सका। इसके बाद चोर अपने औजार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
शाखा प्रबंधक वीर प्रताप सिंह ने बताया कि बैंक में करीब पैंतीस कर्मचारियों का स्टाफ कार्यरत है और शाखा करीब डेढ़ वर्ष पहले ही शुरू हुई थी। घटना की जानकारी बृहस्पतिवार सुबह उस समय हुई जब पास के खेत मालिक ने दीवार में कुंबल देखा और बैंक प्रबंधन को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के साथ जांच टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बैंक का डिजिटल अभिलेख यंत्र कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। अधिकारी का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हाईवे किनारे स्थित बैंक में चोरी के प्रयास ने पुलिस गश्त की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर बैंक स्थित है वहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है और पुलिस गश्त होने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद चोरों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर काफी देर तक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर असंतोष देखा गया है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और निगरानी सख्त करने की मांग की है।


