– हादसे में चालक-परिचालक सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं।
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में पलवाड़ा रोड पर शनिवार तड़के एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। खाद्य सामग्री से लदे इस ट्रक के हादसे में चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुई। खाद्य सामग्री से भरा ट्रक पलवाड़ा रोड से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रक लहराता हुआ सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। सुबह का समय होने के कारण सड़क पर अन्य कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से ट्रक के केबिन में फंसे चालक और परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
बहादुरगढ़ पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई थी। यातायात बाधित नहीं हुआ है और पलटे हुए ट्रक को खाई से बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।

