– घर में मौजूद थे तीन मासूम बच्चे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
– दिल दहला देने वाली वारदात से इलाके में सनसनी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के समय महिला के तीन छोटे बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे, जबकि उसका पति घर से बाहर गया हुआ था। इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मेरठ मर्डर: घर में हुई एक महिला की रहस्यमय हत्या | इलाके में सनसनी | पुलिस जांच में जुटी || देखिये Video..
जानकारी के अनुसार, मजीद नगर निवासी साकिब की पत्नी कौसर अपने तीन बच्चों के साथ घर में थी। शुक्रवार सुबह किसी समय अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और कौसर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने बेरहमी से महिला का मर्डर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान घर में मौजूद मासूम बच्चे सहमे रहे और कुछ समझ नहीं सके।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त साकिब किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी बीच हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और महिला दम तोड़ चुकी थी।


