- भाजपाइयों ने मेरठ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
- बढ़ती गर्मी को लेकर 8वीं तक की कक्षाओं को ऑनलाइन संचालित करने की मांग।
शारदा एक्सप्रेस रिपोर्टर
मेरठ। जनपद मेरठ में लगातार बढ़ती गर्मी को लेकर सोमवार को भाजपाइयों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा एक से आठवीं तक की कक्षाओं को ऑनलाइन संचालित करने की मांग उठाई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान से बच्चों की सेहत पर असर पड़ रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण छोटे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि, नन्हे बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन को बच्चों के हित में तत्काल निर्णय लेना चाहिए। भाजपाइयों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग रखी। ज्ञापन में कहा गया कि जब तक गर्मी का प्रकोप कम नहीं होता, तब तक ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाए। उन्होंने स्कूलों के समय में भी बदलाव करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।माता-पिता भी बच्चों को लेकर चिंतित हैं। गर्मी के कारण कई बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। प्रशासन को मौसम की गंभीरता को देखते हुए कदम उठाने चाहिए। भाजपाइयों ने कहा कि शिक्षा प्रभावित न हो, इसलिए ऑनलाइन कक्षाएं बेहतर विकल्प हैं।
डीएम कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। जिसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त किया। अधिकारियों ने मामले को शासन स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। बता दें कि, शहर में बढ़ती गर्मी को लेकर आमजन भी परेशान हैं। अब सभी की नजर प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई है।


