– सेंट्रल मार्केट में धरने पर बैठी महिलाओं ने हनुमान चालीसा पढ़ी, सांसद ने दिलाया शीघ्र ही न्याय का भरोसा।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। शास्त्रीनगर में सेंट्रल मार्केट सीलिंग विवाद को लेकर माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार दोपहर सेटबैक नोटिस चस्पा किया। इससे बाजार में हलचल और बढ़ गई है। विरोध में बैठी महिलाओं ने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सांसद अरुण गोविल से न्याय मांगा। सांसद ने न्याय का भरोसा दिया। इस आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया गया।
मेरठ सेंट्रल मार्केट में पहुंचे सांसद अरुण गोविल, महिलाओं के छलके आंसू, सांसद बोले…
उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद संपत्ति स्वामियों को नियमानुसार 15 दिन के भीतर अपने भवनों के नक्शे तय मानकों के अनुसार तैयार कर प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने बताया कि तय समयसीमा पूरी होने के बाद 16वें दिन से परिषद द्वारा नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
व्यापारियों का दावा है कि जो सूची सुप्रीम कोर्ट में पेश होनी थी, वह पहले ही 3 तारीख को कुछ लोगों तक पहुंच गई। अगर कोई गड़बड़ी नहीं थी, तो लिस्ट पहले कैसे बाहर आई? इस पूरे मामले में यह भी आरोप लगाया गया कि आवास विकास के अधिकारियों ने कोर्ट और सरकार दोनों को गुमराह किया।

सूची से बाहर किए गए 12 भवनों में कैलाश डेरी का नाम प्रमुख रूप से चर्चा में है। मार्केट के व्यापारियों का कहना है कि वहां व्यावसायिक गतिविधियां जारी थी, इसके बाद भी सीलिंग लिस्ट से उनका नाम कट गया। इसी तरह कऊइक बैंक की बिल्डिंग को सील कर दिया गया, लेकिन पास ही स्थित रइक की बिल्डिंग को छोड़ दिया गया। इसे लेकर भी अधिकारियों पर दोहरी नीति अपनाने के आरोप लगे।
नोटिस की कार्रवाई और पुलिस तैनाती के बीच इलाके में अरुण गोविल के मौके पर पहुंचे। सांसद को देखते ही कई महिलाएं भावुक हो गईं और अपनी दुकानों व घरों को बचाने की गुहार लगाते हुए रो पड़ीं। सांसद ने महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार उनकी समस्या को गंभीरता से ले रही है और समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
महिलाओं को शांत कराते हुए सांसद ने कहा, मैं कोई भगवान नहीं हूं, मैं आपका भाई-बेटा हूं और आपके परिवार का ही हिस्सा हूं। सरकार आपके साथ है और हम सब मिलकर इसका रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों और स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान खोजा जाएगा।
सेंट्रल में महिलाओं को आश्वासन देने के बाद जैसे ही सांसद अरुण गोविल वहां से खड़े हुए, उसी दौरान व्यापारियों ने उनका घेराव कर विरोध जताया। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता अपने पदाधिकारियों और अन्य व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचे और सांसद को घेरकर नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। इस दौरान व्यापारियों और सांसद के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई। व्यापारियों ने अपनी मांगों और परेशानियों को सामने रखते हुए समाधान की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों के बीच कुछ समय तक माहौल गर्म भी रहा।


