– फलाधिवास, औषाधिवास,अन्नाधिवास के साथ शनि देव को आज कराया शय्याधिवास।
शारदा एक्सप्रेस मेरठ: हापुड़ बिजली बंबा बाईपास रोड स्थित सुपरटैक ग्रीन विलेज सोसायटी में श्री विश्वनाथ मंदिर के तत्वावधान में चल रही तीन दिवसीय श्री शनिदेव शिला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में द्वितीय दिवस शनि देव को जल व फूल के अधिवास से जागृत करते हुए मंडप में वेदी पूजन, नवग्रह पूजन के साथ वास्तु पूजन को कराया गया। आचार्य कौशल वत्स ने पूजन संपन्न कराने के बाद शनि देव का फलाधिवास,औषाधिवास ,अन्नाधिवास कराकर शय्याधिवास कराया एवं समस्त सोसायटी वासियों ने मिलकर सत्संग और महाआरती का आयोजन किया।

आचार्य कौशल वत्स ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा में ‘अधिवास’ का अर्थ मूर्ति को मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न पवित्र सामग्रियों (जल, अन्न, घी आदि) में एक निश्चित समय के लिए रखना है। यह अनुष्ठान मूर्ति में देवत्व का वास कराने, उसे शुद्ध करने और निर्माण के दौरान हुए सूक्ष्म दोषों को दूर करने के लिए किया जाता है, जो मूर्ति को “विग्रह” में परिवर्तित करता है।

प्रतिष्ठा के मुख्य यजमान मोहित अग्रवाल,ईशा अग्रवाल रहे ..साथ ही व्यवस्था देख रहे संदीप तोमर,सुधीर शर्मा ने बताया कि बुधवार को शनि देव का दश जीव स्नान, श्रृंगार आदि करके शोभायात्रा निकाली जायेगी और तत्पश्चात यज्ञ में आहुतियां देकर शनि शिला को वेद मंत्रों से अभिमंत्रित कर प्रतिष्ठित किया जायेगा और एक विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया है।

