शारदा रिपोर्टर मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पर मरीज को गुमराह कर पैसे वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर छात्र नेता विनीत चपराना ने पीड़ित परिवार के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

आरोप है कि बागपत निवासी एक मरीज को अस्पताल में सर्जरी के नाम पर भर्ती किया गया, लेकिन बाद में इलाज करने से इंकार कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने पहले मरीज को भरोसे में लेकर भर्ती किया और फिर इलाज के नाम पर करीब 25 हजार रुपये वसूल लिए।
परिजनों के मुताबिक, मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद उसे योजना का लाभ नहीं दिया गया। आरोप है कि अस्पताल ने पहले सर्जरी का आश्वासन दिया, लेकिन अंतिम समय में हाथ खड़े कर दिए, जिससे मरीज और उसके परिवार को मानसिक व आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र नेता विनीत चपराना ने पीड़ित परिवार के साथ CMO कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, मरीज से वसूली गई रकम वापस दिलाने की भी मांग उठाई गई है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद अस्पताल प्रबंधन पर क्या कार्रवाई होती है।


