– बसपा सुप्रीमो मायावती का राहुल गांधी पर जोरदार हमला, एक्स पर डाली पोस्ट।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को ताबड़तोड़ दो पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने भारतीय संविधान के मूल निमार्ता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का कभी आदर-सम्मान नहीं किया और न ही उन्हें ‘भारत रत्न’ से नवाजा, वही पार्टी अब मान्यवर कांशीराम को इस उपाधि से कैसे सम्मानित कर सकती है? एक दिन पहले लखनऊ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांशीराम जयंती के उपलक्ष्य में ‘सामाजिक परिवर्तन दिवस’ कार्यक्रम में कहा था कि नेहरू जी के समय में कांशीराम होते तो उन्हें यूपी का मुख्यमंत्री बना देते। कार्यक्रम के अंत में कांशीराम को ‘भारत रत्न’ देने का प्रस्ताव भी पास किया गया था। इसी पर बसपा प्रमुख मायावती ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, जब कांशीराम का निधन हुआ तो केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन उसने एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक नहीं घोषित किया। उस समय यूपी में सपा की सरकार थी। उसने भी राजकीय शोक नहीं रखा। अब जब वे नहीं रहे तो दलित वोट पाने के लिए ये पार्टियां उनके नाम का प्रयोग कर रही हैं।

BSP प्रमुख मायावती ने कहा कि सपा-कांग्रेस की तरह कई अन्य पार्टियां और संगठन भी कांशीराम के नाम का राजनीतिक लाभ लेने में लगे रहते हैं। उनका इशारा आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर की ओर था, जो कांशीराम के आदर्शों पर चलने का दावा करते रहते हैं।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि कांग्रेस, सपा सहित कई पार्टियां तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर बसपा को कमजोर करने में जुटी हैं। उन्होंने बसपा के समर्थकों से अपील की कि वे ऐसे दलों खासकर कांग्रेस से सजग रहे। कांग्रेस की दलित विरोधी सोच के कारण ही बसपा का गठन हुआ।
मायावती ने 15 मार्च को कांशीराम की जयंती पर देश भर में आयोजित बसपा के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की। बसपा यूपी में लखनऊ और नोएडा में कांशीराम जयंती मना रही है। 12 मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जहां प्रदेश अध्यक्ष की अगुआई में लखनऊ में मौजूद रहेंगे। वहीं 6 मंडल के कार्यकर्ता नोएडा में मौजूद रहेंगे।


